Ranchi Chain Snatching: राजधानी के बरियातू थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चेन छीनने की घटना सामने आई है. दो बाइक सवार बदमाश बाजार से लौट रही एक महिला के गले से चेन छीनकर फरार हो गए. वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
घटना बरियातू के विद्यापति मार्ग स्थित तेतर टोली गेट के पास की बताई जा रही है. महिला बाजार से घर लौट रही थी. इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और झपट्टा मारकर उसके गले से चेन छीन ली.
वारदात से पहले महिला की रेकी करने का शक
स्थानीय लोगों के अनुसार, बदमाश पहले से महिला की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे. मौका मिलते ही उन्होंने वारदात को अंजाम दिया और तेजी से बाइक लेकर फरार हो गए. घटना इतनी अचानक हुई कि महिला को संभलने का मौका भी नहीं मिला.
थाना के पीछे वारदात से उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना बरियातू थाना के पीछे के इलाके में हुई है. थाना के करीब दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. लोगों का कहना है कि शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं बढ़ रही हैं और बदमाशों पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है.
CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
सूचना मिलने के बाद बरियातू थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार दोनों आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जा सके.