Dumka Dowry Death: दुमका जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के भतुड़िया बी पंचायत अंतर्गत शंकरपुर गांव में शादी के महज दो महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका के मायके पक्ष ने इसे दहेज हत्या बताते हुए पति, सास और मामा ससुर पर हत्या का आरोप लगाया है. वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह हत्या है या आत्महत्या.
दो माह पहले हुई थी शादी
मृतका की पहचान डोली कुमारी के रूप में हुई है. उसके पिता रोहित पंडित, जो जरमुंडी प्रखंड के तालझारी थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव के निवासी हैं, ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 29 अप्रैल 2026 को शंकरपुर निवासी चंदन कुमार पंडित से पूरे रीति-रिवाज और सामर्थ्य के अनुसार दहेज सामग्री देकर की गई थी. लेकिन हाथों की मेहंदी छूटने से पहले ही उनकी बेटी की मौत हो गई.
दहेज की मांग और प्रताड़ना का आरोप
रोहित पंडित के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दामाद चंदन का फोन आया. उसने आरोप लगाया कि डोली किसी अन्य व्यक्ति से मोबाइल पर बात करती है. इसके बाद जब उन्होंने बेटी से बात की तो उसने इस आरोप से इनकार करते हुए बताया कि ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करते हैं और मायके से बुलेट मोटरसाइकिल, गोदरेज अलमारी, फ्रिज, पलंग समेत अन्य सामान लाने का दबाव बना रहे हैं.
कुछ देर बाद चंदन ने दोबारा फोन कर कहा कि डोली फांसी लगाने की कोशिश कर रही है. इस पर रोहित ने उसे बेटी को संभालकर रखने को कहा और बताया कि वह तुरंत वहां पहुंच रहे हैं.
घर पहुंचने पर मिला ताला, अस्पताल में मिला शव
परिजनों के अनुसार, जब वे दोपहर करीब दो बजे बेटी के ससुराल पहुंचे तो घर में ताला लगा हुआ था. आसपास के लोगों ने बताया कि डोली को रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है. अस्पताल पहुंचने पर डोली मृत अवस्था में मिली, जबकि पति और ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य वहां मौजूद नहीं था.
मृतका के पिता का आरोप है कि बेटी के गले और शरीर पर मारपीट के निशान थे. उनका कहना है कि दहेज के लिए पहले उसकी हत्या की गई और फिर मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया गया.
पति, सास और मामा ससुर पर एफआईआर की तैयारी
मृतका के पिता ने रामगढ़ थाना में पति चंदन कुमार पंडित, सास अमृता देवी और मामा ससुर राम पंडित के खिलाफ लिखित शिकायत दी है. शिकायत के आधार पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में जुट गई है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, आरोपी फरार
रामगढ़ थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. इधर घटना के बाद से आरोपी पक्ष घर में ताला लगाकर फरार बताया जा रहा है. पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है.