Guwahati Fake Currency: असम की राजधानी गुवाहाटी में जाली भारतीय मुद्रा की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पंजाबाड़ी इलाके में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान करीब 13 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं. इस मामले में उत्तर प्रदेश के तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक पंजाबाड़ी क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद विशेष अभियान चलाया गया. कार्रवाई के दौरान तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनकी तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में जाली भारतीय नोट बरामद हुए. मौके से उत्तर प्रदेश में पंजीकृत एक वाहन भी जब्त किया गया, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर नकली नोटों की ढुलाई के लिए किया जा रहा था.
कानपुर से आने की बात आई सामने
प्रारंभिक जांच के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपी उत्तर प्रदेश के कानपुर से गुवाहाटी पहुंचे थे. पुलिस का दावा है कि आरोपी जाली नोटों को बाजार में चलाने की योजना के साथ शहर आए थे. फिलहाल उनसे पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटीं एजेंसियां
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद जाली नोटों की छपाई कहां हुई और इन्हें गुवाहाटी तक कैसे पहुंचाया गया. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले के तार किसी बड़े अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हैं या नहीं. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं. समाचार लिखे जाने तक मामले की जांच जारी थी.