Tamil Nadu Workers: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर में अमोनिया गैस रिसाव की घटना से प्रभावित झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के 14 श्रमिकों को सुरक्षित वापस लाया जा रहा है. जिला प्रशासन ने सभी श्रमिकों की रेल मार्ग से घर वापसी की व्यवस्था की है. प्रशासन के अनुसार सभी श्रमिक सुरक्षित हैं और उन्हें चरणबद्ध तरीके से उनके घर तक पहुंचाया जाएगा.
गैस रिसाव के बाद सभी श्रमिकों का किया गया रेस्क्यूजानकारी के मुताबिक पश्चिमी सिंहभूम के सभी श्रमिक तिरुवल्लूर में काम कर रहे थे. अमोनिया गैस रिसाव की घटना के बाद स्थानीय प्रशासन की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इसके बाद झारखंड और तमिलनाडु प्रशासन के समन्वय से उनकी घर वापसी की प्रक्रिया शुरू की गई.
रेल मार्ग से होगी घर वापसी
निर्धारित योजना के अनुसार सभी 14 श्रमिक पहले ट्रेन से राउरकेला पहुंचेंगे. इसके बाद दूसरी ट्रेन के जरिए उन्हें चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन लाया जाएगा. चक्रधरपुर पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से विशेष वाहनों की व्यवस्था की गई है, जिनसे सभी श्रमिकों को सुरक्षित उनके गांव और घर तक पहुंचाया जाएगा.
प्रशासन रख रहा लगातार निगरानी
जिला प्रशासन ने बताया कि पूरी प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा रही है और श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. प्रशासन ने यह भी कहा कि तमिलनाडु प्रशासन के सहयोग से सभी श्रमिकों को सुरक्षित निकाला गया है और उनके परिजनों को नियमित रूप से जानकारी दी जा रही है. घर लौट रहे श्रमिकों ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार का आभार जताते हुए कहा कि हादसे के बाद वे काफी घबराए हुए थे, लेकिन प्रशासन की त्वरित मदद से वे सुरक्षित अपने परिवार के बीच लौट रहे हैं. वहीं श्रमिकों के परिजन भी उनके सुरक्षित घर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं.