Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-01

Bokaro News : जैनामोड़ में सर्राफा व्यवसायी से दिनदहाड़े लूट, पिस्तौल दिखाकर 1.25 लाख रुपये से भरा बैग छीना

Bokaro News : बोकारो जिले के जरीडीह थाना क्षेत्र स्थित जैनामोड़ बाजार में मंगलवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक सर्राफा व्यवसायी से लूट की वारदात को अंजाम दिया। बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने व्यवसायी को रोककर मारपीट की और पिस्तौल के बल पर रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, जैनामोड़ बाजार स्थित मां आभूषणालय के संचालक रंजीत बरनवाल रात करीब नौ बजे दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि एक अपराधी ने बांस की लाठी से उन पर हमला किया, जबकि दूसरे ने उनकी छाती पर पिस्तौल सटाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश करीब 1.25 लाख रुपये नकद और अन्य जरूरी सामान से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जरीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इधर, वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। जैनामोड़ व्यवसाय संघ के पदाधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बाजार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि व्यस्त बाजार में इस तरह की घटना पुलिस गश्ती और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। व्यापारियों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !