Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-01

Delhi Bus Accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रक से टकराकर धधकी बस, 8 यात्रियों की मौत, 32 घायल

Delhi Bus Accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर राजस्थान के दौसा जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. हरिद्वार से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस ट्रक से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई. हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान पूरा कर लिया है.
टक्कर के बाद बस में लगी भीषण आग
पुलिस के मुताबिक हादसा दौसा जिले के कोलवा थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुआ. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस ट्रक से टकराने के बाद उसमें आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया. सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के साथ यात्रियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया.

8 लोगों की मौत, कई यात्रियों का इलाज जारी
एडिशनल एसपी योगेंद्र फौजदार ने बताया कि हादसे के बाद घायलों को एम्बुलेंस से दौसा जिला अस्पताल भेजा गया. वहीं जिला पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस इंदौर की हंस ट्रैवल्स की स्लीपर बस थी, जबकि दूसरा वाहन खाली ट्रक था. उन्होंने बताया कि छह यात्रियों की मौत आग में झुलसने से हुई, जबकि दो अन्य ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया. बाकी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

हादसे की जांच शुरू, कारणों की होगी पड़ताल
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन के साथ जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे. कांग्रेस सांसद मुरारी लाल मीणा ने मृतकों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों के कारणों की विस्तृत जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए समिति गठित करने की मांग की. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. समाचार लिखे जाने तक दुर्घटना के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !