Ranchi News : रिम्स के निदेशक प्रो. डॉ. डी. के. सिन्हा ने मंगलवार को सेंट्रल किचन और मेडिसिन विभाग का औचक निरीक्षण कर मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. हिरेन्द्र बिरुआ सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इस निरीक्षण का उद्देश्य मरीजों को गुणवत्तापूर्ण भोजन और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना था।
सेंट्रल किचन में निदेशक ने भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव, भोजन वितरण व्यवस्था और संबंधित रिकॉर्ड की जांच की। उन्होंने मरीजों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता और मात्रा का भी निरीक्षण किया। इस दौरान रसोई के कुछ हिस्सों में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी की भी जांच की और रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट रखने का निर्देश दिया।
मेडिसिन विभाग की व्यवस्थाओं की समीक्षा, समय पर बेहतर इलाज सुनिश्चित करने पर जोर
सेंट्रल किचन के निरीक्षण के बाद निदेशक ने मेडिसिन विभाग का दौरा कर वहां की चिकित्सा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। विभागाध्यक्ष के अवकाश पर रहने के कारण उन्होंने मौजूद चिकित्सकों से मरीजों की संख्या, उपलब्ध संसाधनों और उपचार के दौरान आने वाली चुनौतियों की जानकारी ली।
निदेशक ने कहा कि मेडिसिन विभाग किसी भी अस्पताल की सबसे महत्वपूर्ण इकाइयों में से एक है। यहां आने वाले मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों और कर्मचारियों को मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।