Bokaro News: बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के केतवारी गांव निवासी 41 वर्षीय सत्येंद्र महतो की सऊदी अरब में सड़क हादसे में 25 जून 2026 की रात मौत हो गई। सत्येंद्र स्वर्गीय सुखदेव महतो के पुत्र थे और 26 नवंबर 2024 को रोजगार की तलाश में सऊदी गए थे। वह हमद सालेह अल-काफ कॉन्ट्रैक्टिंग एस्टैब्लिशमेंट कंपनी में ट्रक ड्राइवर के रूप में कार्यरत थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सत्येंद्र अपने पीछे बेटी प्रीति कुमारी (21), पुत्र अरविंद कुमार और 13 वर्षीय मंगेश कुमार को छोड़ गए हैं।
परिजनों ने सरकार से लगाई शव व मुआवजे की गुहार
सत्येंद्र महतो की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने सरकार और भारतीय दूतावास से शव को जल्द स्वदेश लाने तथा उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
पलायन रुके, तभी थमेंगी ऐसी दर्दनाक घटनाएं
सिकंदर अली ने कहा कि रोजगार की तलाश में विदेश जाने वाले झारखंड के मजदूर लगातार हादसों का शिकार हो रहे हैं। बोकारो, हजारीबाग और गिरिडीह जैसे जिलों से बड़ी संख्या में मजदूर दूसरे राज्यों और विदेशों में काम करने जाते हैं, जहां आए दिन उनकी मौत या फंसने की खबरें सामने आती हैं। उन्होंने सरकार से राज्य में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि पलायन पर रोक लगेगी, तभी ऐसी दर्दनाक घटनाओं में कमी आएगी।