Karnataka Crime: कर्नाटक के तुमकुरु जिले में प्रेम संबंध टूटने के बाद हुई एक सनसनीखेज घटना ने सभी को हैरान कर दिया. एक युवक अपनी पूर्व प्रेमिका को कथित तौर पर जबरन कैब में बैठाकर ले गया, लेकिन रास्ते में कार में हुए तेज धमाके के बादउसकी मौके पर ही जलकर मौत हो गई. इस घटना में महिला और कैब चालक घायल हुए हैं. पुलिस मामले की कई पहलुओं से जांच कर रही है.
प्रेम संबंध खत्म होने के बाद हुई वारदात
यह घटना शनिवार को तुमकुरु जिले के सिरा तालुक के जोगिहल्ली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर हुई. मृतक की पहचान 30 वर्षीय नागेंद्र के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अंकोला का रहने वाला था और बेंगलुरु में रह रहा था. पुलिस के अनुसार, नागेंद्र और पीड़ित महिला पहले रिश्ते में थे, लेकिन हाल के दिनों में दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था. महिला ने उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया था.
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, शनिवार सुबह नागेंद्र बेंगलुरु के जयनगर स्थित महिला के किराए के घर पहुंचा. वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने महिला को कथित तौर पर जबरन एक कैब में बैठाया और अंकोला की ओर निकल गया. घटना की जानकारी मिलने पर महिला के परिजनों ने जयनगर पुलिस थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई.
रास्ते में चाकू से हमला, कुछ देर बाद हुआ धमाका
पुलिस के मुताबिक, सफर के दौरान आरोपी ने महिला को जान से मारने की धमकी दी. जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि वह अपने साथ कोई विस्फोटक सामग्री या पेट्रोल बम जैसी वस्तु लेकर चल रहा था.
जब कैब जोगिहल्ली के पास पहुंची तो आरोपी ने कथित तौर पर महिला पर चाकू से हमला कर दिया. हालात बिगड़ने पर चालक ने वाहन रोक दिया. इसी दौरान महिला किसी तरह कार का दरवाजा खोलकर बाहर निकलने में सफल रही. उसके बाहर निकलते ही कार में जोरदार धमाका हुआ और वाहन आग की चपेट में आ गया. नागेंद्र कार से बाहर नहीं निकल सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घायल महिला और कैब चालक को इलाज के लिए तुमकुरु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
विस्फोटक मिलने का दावा, कई बिंदुओं पर जांच जारी
तुमकुरु पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से विस्फोटक जैसी सामग्री बरामद हुई है. फॉरेंसिक टीम यह पता लगाने में जुटी है कि धमाके में किस तरह की सामग्री का इस्तेमाल हुआ और वह आरोपी के पास कैसे पहुंची.
तुमकुरु के पुलिस अधीक्षक अशोक केवी ने बताया कि शुरुआती जांच से संकेत मिलते हैं कि आरोपी अपने साथ विस्फोटक लेकर चल रहा था और धमाका जानबूझकर किया गया हो सकता है. हालांकि, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.
फिलहाल कल्लामबेला पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि आरोपी ने विस्फोटक कहां से हासिल किया, उसका उद्देश्य क्या था और क्या इस पूरी घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भी कोई भूमिका थी. समाचार लिखे जाने तक संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.