Chakradharpur News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र स्थित सोनपोखरी गांव में खेत से बरामद शक्तिशाली बम को शुक्रवार को भारतीय सेना के बम निरोधक दस्ते ने सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया. सेना की 23 इन्फेंट्री डिवीजन के कर्नल धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई.
खराब मौसम के कारण दो घंटे रुका अभियान
सेना ने दोपहर तक ऑपरेशन की सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं, लेकिन अचानक तेज बारिश और वज्रपात शुरू होने के कारण अभियान को करीब दो घंटे के लिए स्थगित करना पड़ा. मौसम सामान्य होने के बाद दोपहर 3:14 बजे नियंत्रित विस्फोट (कंट्रोल्ड ब्लास्ट) की प्रक्रिया शुरू की गई.
150 मीटर दूर से किया गया नियंत्रित विस्फोट
बम को सुरक्षित गड्ढे में रखकर उसके साथ अतिरिक्त विस्फोटक सामग्री जोड़ी गई. इसके बाद करीब 150 मीटर की सुरक्षित दूरी से बैटरी और तार के माध्यम से विस्फोट किया गया. बटन दबाते ही जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरा इलाका गूंज उठा.
पांच फीट गहरा गड्ढा, 400 मीटर तक बिखरा मलबा
विस्फोट के बाद घटनास्थल पर करीब पांच फीट गहरा गड्ढा बन गया. वहीं, बम के अवशेष और मलबा लगभग 400 मीटर तक जा बिखरा. सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने ब्लास्टिंग स्थल के चारों ओर 300 मीटर के दायरे को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित कर दिया था. ग्रामीणों और मीडियाकर्मियों को भी सुरक्षित दूरी पर रखा गया.
सेना, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
पूरे अभियान के दौरान कर्नल धर्मेंद्र सिंह के अलावा सेना के अन्य अधिकारी, अंचल अधिकारी प्रदीप कुमार, एएसपी (अभियान) राहुल देव बड़ाईक, डीएसपी डेविड ए. डोडराय, थाना प्रभारी अमिएल एक्का तथा सीआरपीएफ के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे. बम पूरी तरह नष्ट होने के बाद प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.