Jharkhand News: झारखंड सरकार इस वर्ष राज्य के 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के कुल 87 स्टेट टॉपर्स को सम्मानित करेगी. जुलाई में आयोजित होने वाले विशेष समारोह में झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक), सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के राज्य स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा. कार्यक्रम की तैयारियां स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने शुरू कर दी हैं.
टॉपर्स को नकद राशि के साथ लैपटॉप और स्मार्टफोन भी मिलेगा
सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान करेंगे. प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले टॉपर्स को तीन लाख रुपये का चेक, लैपटॉप, स्मार्टफोन और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा. द्वितीय स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को दो लाख रुपये, लैपटॉप, स्मार्टफोन और प्रशस्ति पत्र मिलेगा, जबकि तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को एक लाख रुपये के साथ लैपटॉप, स्मार्टफोन और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा.
आईसीएसई बोर्ड के सबसे अधिक टॉपर्स होंगे सम्मानित
तीनों बोर्डों के आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष सबसे अधिक 31 टॉपर्स आईसीएसई बोर्ड से हैं. इनमें 10वीं के 14 और 12वीं के 17 छात्र-छात्राएं शामिल हैं. सीबीएसई बोर्ड से कुल 25 टॉपर्स सम्मानित होंगे, जिनमें 10वीं के नौ तथा 12वीं के विभिन्न संकायों के 16 विद्यार्थी शामिल हैं. वहीं जैक बोर्ड से कुल 22 टॉपर्स सम्मान समारोह का हिस्सा बनेंगे. इनमें मैट्रिक के 12 और इंटरमीडिएट के तीनों संकायों के 10 छात्र-छात्राएं शामिल हैं.
जैक में संयुक्त टॉपर्स की संख्या अधिक
जैक की मैट्रिक परीक्षा में पहले तीन स्थानों पर संयुक्त रूप से चार-चार विद्यार्थियों ने जगह बनाई है. वहीं आईसीएसई 10वीं परीक्षा में एक प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र के अलावा छह द्वितीय और सात तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी हैं. 12वीं के तीनों बोर्डों और सभी संकायों के प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी समान रूप से सम्मानित किया जाएगा.
सीबीएसई की 10वीं टॉपर सूची का इंतजार
हालांकि सीबीएसई ने अभी तक 10वीं परीक्षा की आधिकारिक स्टेट टॉपर सूची राज्य सरकार को उपलब्ध नहीं कराई है. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने इस संबंध में सीबीएसई को पत्र भेजा है. विभाग के अनुसार 10वीं की दोबारा आयोजित परीक्षा का परिणाम अभी आना बाकी है. ऐसे में सीबीएसई के राज्य टॉपर्स की अंतिम संख्या में बदलाव संभव है.