Ramgarh News: रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर बारलोंग के पास हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक जताया है. उन्होंने कहा कि इस दर्दनाक घटना की खबर से उनका मन व्यथित है. मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस दुख की घड़ी सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है.
गुरुवार देर रात लारी-बरलोंग के पास कोयला लदे एलपी ट्रक और पिकअप सवारी वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. पिकअप वाहन में ताशा पार्टी (बैंड-बाजा समूह) के सदस्य गोला से रामगढ़ जा रहे थे. हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
मृतकों में छह लोग मारंग मर्चा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि एक अन्य मृतक स्थानीय समाजसेवी हैं. हादसे में कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनमें एक घायल की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.