Jharkhand News: झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने विभागीय कार्यों को अधिक व्यवस्थित और तेज बनाने के उद्देश्य से अनुभवी टैक्स कंसलटेंट या एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू की है. चयनित एजेंसी विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के ऑनलाइन त्रैमासिक रिटर्न दाखिल करने तथा जीएसटी मद में की गई कटौती का मासिक रिटर्न फाइल करने का कार्य करेगी.
2 जुलाई तक जमा होंगे आवेदन
विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार इच्छुक और योग्य आपूर्तिकर्ता 2 जुलाई 2026 तक अपना आवेदन सीलबंद लिफाफे में जमा कर सकते हैं. विभाग ने स्पष्ट किया है कि खुली निविदाएं स्वीकार नहीं की जाएंगी. प्राप्त निविदाओं को 6 जुलाई 2026 को दोपहर 4 बजे आवेदकों अथवा उनके अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में खोला जाएगा.
आवेदन के साथ जमा करने होंगे जरूरी दस्तावेज
निविदा प्रक्रिया में भाग लेने वाले आवेदकों को फर्म या व्यक्तिगत पंजीकरण प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, जीएसटीआईएन पंजीकरण प्रमाण पत्र, वर्तमान वित्तीय वर्ष के सेवा शुल्क का विवरण, पिछले पांच वर्षों के कार्य अनुभव संबंधी शपथ पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड और दो पासपोर्ट आकार के फोटो जमा करने होंगे.
विभाग का उद्देश्य अनुभवी और योग्य एजेंसी के माध्यम से टैक्स एवं जीएसटी से जुड़े कार्यों का समयबद्ध और सुचारू निष्पादन सुनिश्चित करना है.