Jharkhand News: झारखंड सरकार के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सोशल मीडिया के माध्यम से खुला पत्र लिखते हुए राज्य की राजनीतिक और प्रशासनिक दिशा को लेकर अपनी राय रखी है. उन्होंने कहा कि बिहार की अपनी समृद्ध राजनीतिक विरासत है और उसे उसी सोच के साथ आगे बढ़ाया जाना चाहिए.
दूसरे राज्यों की नकल नहीं करने की दी सलाह
डॉ. अंसारी ने कहा कि सम्राट चौधरी एक महत्वपूर्ण संवैधानिक पद पर हैं, इसलिए उन्हें बिहार की ऐतिहासिक और लोकतांत्रिक परंपराओं को ध्यान में रखकर फैसले लेने चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी दूसरे राज्य के मॉडल को अपनाने के बजाय बिहार की अपनी पहचान और राजनीतिक संस्कृति को प्राथमिकता दी जानी चाहिए.
कानून व्यवस्था पर भी रखी अपनी बात
अपने पत्र में डॉ. अंसारी ने उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक कार्यशैली का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार की राजनीति हमेशा सामाजिक न्याय, संवाद और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित रही है. उन्होंने कहा कि बिहार भगवान बुद्ध, महावीर, जयप्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर जैसी महान हस्तियों की धरती है, जहां लोकतांत्रिक परंपराओं को विशेष महत्व दिया जाता है.
संविधान के दायरे में शासन चलाने पर जोर
मंत्री ने कहा कि राज्य में कानून का शासन संविधान और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के अनुरूप होना चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवैधानिक मूल्यों और न्यायसंगत प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए.