Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-24

Jharkhand News: झारखंड की जेलों में पूर्व सैनिकों के लिए नौकरी का मौका, 68 कक्षपाल पदों पर होगी संविदा बहाली

Jharkhand News: झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य की विभिन्न जेलों में कक्षपाल और महिला कक्षपाल के पदों पर संविदा आधारित नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया है. यह भर्ती विशेष रूप से भूतपूर्व सैनिकों और अर्द्ध सैनिक बलों से सेवानिवृत्त जवानों के लिए निकाली गई है, ताकि उन्हें सेवा निवृत्ति के बाद रोजगार का अवसर उपलब्ध कराया जा सके.

विभाग की ओर से कुल 68 पदों पर बहाली की जाएगी. इनमें 60 पद पुरुष कक्षपाल और 8 पद महिला कक्षपाल के लिए निर्धारित हैं. सबसे अधिक नियुक्तियां बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार (रांची) में की जाएंगी, जहां 52 पुरुष और 4 महिला कक्षपालों की आवश्यकता है. इसके अलावा मंडल कारा गुमला में 2 पुरुष और 1 महिला, मंडल कारा सिमडेगा में 4 पुरुष और 3 महिला तथा उपकारा खूंटी में 2 पुरुष कक्षपाल के पद रिक्त हैं.

इन पदों के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन-इंटरव्यू के माध्यम से किया जाएगा. साक्षात्कार का आयोजन 4 जुलाई को सुबह 8 बजे से बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार, रांची में होगा. उम्मीदवारों को अपने सभी मूल प्रमाण पत्र और आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा.

चयनित अभ्यर्थियों को 20 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा. इसके साथ ही प्रत्येक वर्ष की संतोषजनक सेवा पूरी होने पर मानदेय में 8 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान रखा गया है. कारा विभाग के अनुसार नियुक्ति प्रारंभिक रूप से एक वर्ष के अनुबंध पर होगी, जिसे आवश्यकता के अनुसार आगे बढ़ाया जा सकता है.

विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित पदों पर नियमित नियुक्ति होने की स्थिति में संविदा सेवा स्वतः समाप्त हो जाएगी. संविदा कर्मियों को वर्ष में 20 दिनों का क्षतिपूर्ति अवकाश भी मिलेगा. वहीं सरकारी कार्य से यात्रा करने पर नियमानुसार यात्रा भत्ता और दैनिक भत्ता भी देय होगा.

कारा विभाग ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में झारखंड के स्थानीय निवासियों को प्राथमिकता दी जाएगी. सरकार का मानना है कि इस पहल से पूर्व सैनिकों के अनुभव का लाभ जेल प्रशासन को मिलेगा और उन्हें सम्मानजनक रोजगार का अवसर भी प्राप्त होगा.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !