Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-24

Saraikela News: अवैध खनन पर सख्त हुआ प्रशासन, एनजीटी अवधि में बालू खनन पर पूर्ण प्रतिबंध, संयुक्त छापेमारी के निर्देश

Seraikela: सरायकेला जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नीतीश कुमार सिंह ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी भी मौजूद रहीं। बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि एनजीटी की निर्धारित अवधि के दौरान नदी तल से किसी भी प्रकार का बालू खनन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने कहा कि बालू समेत सभी खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के मामलों में जिला प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति रहेगी।

संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश
उपायुक्त ने पुलिस और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और सूचना तंत्र को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथि ने बताया कि जिले के खन पट्टा क्षेत्रों और ईंट भट्टों की मैपिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। इस पर उपायुक्त ने स्टोन क्रशर और डीलर लाइसेंसधारियों को भी मैपिंग प्रक्रिया में शामिल करने तथा सभी प्रखंडों की स्पष्ट सीमांकन रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया।

बालू घाट संचालन के लिए ग्राम सभा की स्वीकृति जरूरी
जिन बालू घाटों की नीलामी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनके संचालन के लिए ग्राम सभा की स्वीकृति जल्द सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा पाटा टोल प्लाजा से लंबित वीडियो फुटेज तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिया गया। बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी और जिला खनन पदाधिकारी को खनिज परिवहन में लगे वाहनों की नियमित जांच करने का निर्देश दिया गया। वाहनों को तिरपाल से ढंककर खनिज परिवहन सुनिश्चित करने तथा इसकी मासिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

ईंट भट्टों की जांच करेगी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को जिले के शेष ईंट भट्टों का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। बैठक में झारखंड मिनरल्स नियमावली और जेएमएमसी नियमावली में हुए संशोधनों की जानकारी भी अधिकारियों को दी गई। बैठक में अपर समाहर्ता जयवर्धन कुमार, सरायकेला एसडीओ अभिनव प्रकाश, चांडिल एसडीओ, सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी समेत टास्क फोर्स के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !