Ranchi News: रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में एक आयरन दुकान से एचआर शीट चोरी करने की कोशिश का मामला सामने आया है. समय रहते सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे टेंपो को जब्त कर लिया. मामले में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पुलिस को दी गई शिकायत में पंडरा निवासी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि पिस्का मोड़-ईटकी रोड स्थित उनकी जय माता दी आयरन एजेंसी के बाहर रखी एचआर शीट को कुछ लोग टेंपो पर लोड कर ले जा रहे थे. इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति की नजर इस गतिविधि पर पड़ी और उसे मामला संदिग्ध लगा.
संदेह होने पर उन्होंने तत्काल दुकान मालिक को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही अमित कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की खबर दी. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से टेंपो को जब्त कर लिया और मामले से जुड़े लोगों को हिरासत में ले लिया.
जांच के बाद अशोक सोनी और सिंह जी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की घटना को किस योजना के तहत अंजाम दिया जा रहा था.