Jamshedpur News: जमशेदपुर बागबेड़ा कॉलोनी में मंगलवार को सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान शोक सभा का आयोजन किया गया और बिहार सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन किया गया. प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की गहन जांच कर सच पता लगाने, और न्याय की मांग की.
पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जताया विरोध
आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता रवि शंकर सिंह, पवन ओझा और उपमुखिया संतोष ठाकुर ने संयुक्त रूप से की. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और युवा शामिल हुए. प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सरकार विरोधी नारे लगाए और भरत तिवारी की मौत को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की. सभा में वक्ताओं ने बिहार सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.
पोस्टर और बैनर के साथ उठी न्याय की मांग
विरोध प्रदर्शन से पहले आयोजित सभा में कार्यकर्ताओं ने पोस्टर और बैनर लेकर अपनी मांगें रखीं. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भरत तिवारी को न्याय मिलना चाहिए और पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराई जानी चाहिए. कार्यक्रम के दौरान लोगों ने इस मुद्दे को लेकर प्रशासन और सरकार का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया.
शहीद का दर्जा और कार्रवाई की मांग
आंदोलनकारियों ने भरत तिवारी को शहीद का दर्जा देने की मांग उठाई. साथ ही मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और जवाबदेही तय करने की मांग भी की गई. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर उचित कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा तथा प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा.