Dhanbad News : जिले के मुगमा रेलवे स्टेशन के पास बुधवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। लूप लाइन पर खड़ी एक मालगाड़ी के चलने के दौरान उसका इंजन और दो बोगियां अचानक पटरी से उतर गईं। घटना के बाद रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
सिग्नल मिलते ही बेपटरी हुई मालगाड़ी
जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी मुगमा स्टेशन की लूप लाइन में खड़ी थी। सिग्नल मिलने के बाद जैसे ही ट्रेन आगे बढ़ी, अचानक इंजन और उसके पीछे लगी दो बोगियां पटरी से उतर गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
रेलवे अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, दो घंटे तक प्रभावित रहा परिचालन
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल को जानकारी दी गई। इसके बाद रेलवे के अधिकारी, इंजीनियरिंग टीम और तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बेपटरी हुए इंजन और बोगियों को हटाकर ट्रैक को दुरुस्त किया गया।
घटना के कारण लूप लाइन पर ट्रेनों का परिचालन करीब दो घंटे तक बाधित रहा। इस दौरान कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को आसपास के स्टेशनों पर रोकना पड़ा। ट्रैक बहाल होने के बाद रेल परिचालन सामान्य किया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हादसे में किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई है। फिलहाल मालगाड़ी के बेपटरी होने के कारणों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।