Jharkhand Politics: राज्यसभा चुनाव के बाद महागठबंधन के अंदर बढ़ी बयानबाजी के बीच कांग्रेस ने आरजेडी के आरोपों पर पलटवार किया है. झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने आरजेडी नेताओं के बयानों को निराधार और गठबंधन की भावना के खिलाफ बताया है.
राकेश सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस और झारखंड प्रभारी के. राजू पर लगाए गए आरोप दुर्भावनापूर्ण हैं. उन्होंने कहा कि अगर किसी दल को अपने विधायकों और नेताओं पर भरोसा नहीं है तो उसकी नाराजगी कांग्रेस पर निकालना सही नहीं है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है और अपने संगठन से जुड़े फैसले लेने में सक्षम है. किसी अन्य दल को कांग्रेस के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है.
के. राजू पर टिप्पणी को बताया राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ
कांग्रेस ने के. राजू के खिलाफ की गई व्यक्तिगत टिप्पणियों पर भी आपत्ति जताई है. राकेश सिन्हा ने कहा कि बिना किसी प्रमाण के किसी वरिष्ठ नेता की छवि खराब करने की कोशिश राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है और इससे गठबंधन कमजोर होता है.
उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव के नतीजों को लेकर कई सवाल आरजेडी के भीतर भी उठ रहे हैं. ऐसे में अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए कांग्रेस को निशाना बनाया जा रहा है.
कांग्रेस ने आरजेडी नेतृत्व से अपने नेताओं को संयमित भाषा का इस्तेमाल करने और गठबंधन धर्म निभाने की अपील की है. पार्टी ने कहा कि वह किसी दबाव में आने वाली नहीं है और बेबुनियाद आरोपों से विचलित नहीं होगी.
राकेश सिन्हा ने कहा कि जिन लोगों के सामने अपने स्तर पर सवाल खड़े हैं, वे दूसरों पर आरोप लगाकर ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं. कांग्रेस ने दोहराया कि वह राजनीतिक शुचिता और सच्चाई के साथ खड़ी है.