Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-19

Jharkhand News: मुहर्रम को लेकर झारखंड में हाई अलर्ट, 10 हजार से अधिक अतिरिक्त जवान होंगे तैनात

Jharkhand: मुहर्रम पर्व को लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्यभर में 10 हजार से अधिक अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था में आईआरबी, जिला पुलिस बल और होम गार्ड के जवानों को शामिल किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने 5,850 होम गार्ड जवानों को विशेष ड्यूटी पर बुलाने की अनुमति दी है। इनकी तैनाती चार दिनों तक विभिन्न जिलों में की जाएगी। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर राज्य के सभी 24 जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) की ओर से सभी एसएसपी और एसपी को पत्र भेजकर मुहर्रम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।

रांची और जमशेदपुर में सबसे ज्यादा जवान तैनात
मुहर्रम के दौरान राजधानी रांची और जमशेदपुर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। दोनों शहरों में 500-500 होम गार्ड जवानों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा गिरिडीह में 400, हजारीबाग में 350 तथा धनबाद, बोकारो, पलामू और पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) में 300-300 अतिरिक्त जवान तैनात किए जाएंगे। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने, शांति समिति की बैठकें आयोजित करने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है। साथ ही पूर्व में सांप्रदायिक तनाव या उपद्रव से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया है।

सोशल मीडिया पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
मुहर्रम के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप समूहों की भी लगातार निगरानी की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट साझा करने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि मुहर्रम के जुलूस केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएं। बिना अनुमति किसी नए मार्ग पर जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

किसी भी स्थिति से निपटने की तैयारी
पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि वे किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त तैयारी रखें। अधिकारियों को लगातार निगरानी बनाए रखने और शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !