Jharkhand News: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है. इसी कड़ी में भारतीय वायुसेना का विशेष विमान NEET-UG के प्रश्न पत्र लेकर रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचा.
प्रश्न पत्रों की सुरक्षा को देखते हुए एयरपोर्ट परिसर में पहले से ही भारी संख्या में पुलिस जवानों और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई थी. विमान के लैंड करने के बाद अधिकारियों की निगरानी में प्रश्न पत्रों से भरे बॉक्स उतारे गए.
ट्रॉलियों से उतारे गए प्रश्न पत्रों के बॉक्स
जानकारी के अनुसार विमान से प्रश्न पत्रों के बॉक्स निकालने के लिए करीब एक दर्जन ट्रॉलियों का इस्तेमाल किया गया. पूरी प्रक्रिया को सुरक्षा मानकों के तहत पूरा किया गया.
इसके बाद एयरपोर्ट के कार्गो क्षेत्र में प्रश्न पत्रों को सुरक्षित तरीके से डाक विभाग के वाहनों में शिफ्ट किया गया. वहां से कड़ी सुरक्षा के बीच इन्हें निर्धारित केंद्रों तक भेजने की प्रक्रिया शुरू हुई.
सुरक्षा एजेंसियां रहीं अलर्ट
पूरी व्यवस्था के दौरान पुलिस प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों की टीम लगातार मौके पर मौजूद रही. प्रश्न पत्रों की आवाजाही से लेकर उन्हें रवाना करने तक हर स्तर पर निगरानी रखी गई.