JCECE 2026: झारखंड में कृषि और उससे जुड़े प्रोफेशनल डिग्री कोर्स में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है. झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने कंबाइंड प्रवेश परीक्षा 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का लिंक 17 जून से सक्रिय कर दिया है. राज्य के स्थानीय और स्थायी निवासी अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकते हैं.
इन प्रमुख कोर्स में मिलेगा प्रवेश, केवल झारखंड के निवासी ही कर सकेंगे आवेदन
कंबाइंड प्रवेश परीक्षा के माध्यम से शैक्षणिक सत्र 2026 से 2027 के लिए कई व्यावसायिक डिग्री पाठ्यक्रमों में दाखिला दिया जाएगा. इसमें बैचलर ऑफ वेटनरी साइंस एंड एनिमल हसबैंड्री, बीएससी ऑनर्स एग्रीकल्चर, बीएससी ऑनर्स फॉरेस्ट्री, बीटेक डेयरी टेक्नोलॉजी, बीटेक एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग, बीएफएससी और बीएससी ऑनर्स हॉर्टिकल्चर जैसे कोर्स शामिल हैं. इस परीक्षा में वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे जो भारतीय नागरिक होने के साथ झारखंड के स्थानीय या स्थायी निवासी हों.
आवेदन से लेकर परीक्षा तक जान लें पूरी समय सारिणी
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 17 जून से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 2 जुलाई 2026 तक फॉर्म जमा कर सकेंगे. फॉर्म भरने के दौरान हुई किसी गलती को सुधारने के लिए 3 और 4 जुलाई को करेक्शन विंडो खोली जाएगी. प्रवेश परीक्षा 19 जुलाई 2026 को ऑफलाइन मोड में आयोजित होगी. इसके लिए रांची और दुमका में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे. ऐसे में कृषि और संबंधित क्षेत्रों में करियर बनाने की योजना रखने वाले छात्रों के लिए समय रहते आवेदन करना जरूरी होगा.
कृषि, डेयरी, वानिकी और मत्स्य विज्ञान जैसे क्षेत्रों में उच्च शिक्षा हासिल करने के इच्छुक छात्रों के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है. अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय पर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए, ताकि किसी तरह की तकनीकी परेशानी से बचा जा सके.