Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में मिले युवक के शव मामले का पुलिस ने मात्र 6 घंटे में खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृत युवक की पहचान छोटामहुलडीहा गांव निवासी 20 वर्षीय मुकेश बारजो के रूप में हुई है। पुलिस ने दावा किया है कि घटना के पीछे पुराना विवाद कारण बना। मामले की शुरुआत तब हुई जब काटेपाड़ा गांव के ग्रामीणों ने जंगल के भीतर सुखदेवलंगर नाला के समीप एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। शव कई दिनों पुराना होने के कारण उससे दुर्गंध आ रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया।
कपड़ों और पहचान के आधार पर सामने आया नाम
पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ और पहचान की प्रक्रिया शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान मुकेश बारजो के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर मामले की जानकारी जुटाई। मृतक की पत्नी बुधनी गोप बारजो ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले गांव के ही एक व्यक्ति फंटुस लागुरी के साथ मुकेश का विवाद हुआ था। उस दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई थी और कथित तौर पर आरोपी ने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी थी। पत्नी के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई।
विशेष टीम गठित कर की गई कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम बनाई गई। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी फंटुस लागुरी को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। फिलहाल उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है। वहीं पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है, जिससे मौत के कारणों की विस्तृत पुष्टि हो सके। मामले के खुलासे में जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राफेल मुर्मू, पुलिस निरीक्षक बासुदेव मुंडा, थाना प्रभारी टिंकू कुमार दास समेत तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।