Jharkhand News : झारखंड सरकार ने सेवानिवृत्त महिला प्रसार पदाधिकारियों को एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन (ACP) और मॉडिफाइड एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन (MACP) का लाभ देने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इस संबंध में ग्रामीण विकास विभाग ने सभी जिलों के उप विकास आयुक्तों (DDC) को आवश्यक दस्तावेज और मूल सेवा पुस्तिका (सर्विस बुक) उपलब्ध कराने का निर्देश जारी किया है।
दस्तावेज नहीं मिलने से अटके हैं मामले, जल्द उपलब्ध कराएं सर्विस बुक और अनुशंसा
ग्रामीण विकास विभाग के अवर सचिव द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि ACP/MACP की स्वीकृति के लिए पहले ही जिलों से अनुशंसा और मूल सर्विस बुक मांगी गई थी। हालांकि अब तक सभी जिलों से आवश्यक अभिलेख प्राप्त नहीं हुए हैं, जिससे कई मामलों के निष्पादन में देरी हो रही है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में पात्र सेवानिवृत्त महिला प्रसार पदाधिकारियों के मामलों पर निर्णय लेने में कठिनाई हो रही है। इसलिए सभी जिलों को निर्देश दिया गया है कि वे बिना विलंब के अनुशंसा पत्र और मूल सेवा पुस्तिका विभाग को उपलब्ध कराएं।
सरकार का उद्देश्य है कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर पात्र सेवानिवृत्त महिला प्रसार पदाधिकारियों को जल्द से जल्द ACP/MACP का लाभ उपलब्ध कराया जा सके।