Entertainment News: बॉलीवुड के मशहूर संगीतकार प्रीतम चक्रवर्ती की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने उनके प्रशंसकों को हैरान कर दिया है। हाल ही में अपना 55वां जन्मदिन मनाने वाले प्रीतम ने फैंस का धन्यवाद करते हुए इंस्टाग्राम पर एक भावुक नोट साझा किया, जिसमें उन्होंने अपने जीवन में नई यात्राओं की शुरुआत करने की बात कही। उनके इस संदेश के बाद रिटायरमेंट की अटकलें तेज हो गई हैं।
प्रीतम ने अधूरे सपनों को पूरा करने की जताई इच्छा
प्रीतम ने अपने पोस्ट में लिखा कि मुख्यधारा के संगीत जगत में उनका सफर बेहद यादगार रहा है, लेकिन अब समय आ गया है कि वे खुद को एक नया तोहफा दें। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले वर्षों में वे जिंदगी को अलग अंदाज में जीना चाहते हैं और उन सपनों को पूरा करना चाहते हैं जो काम की व्यस्तता के कारण अधूरे रह गए थे।
प्रीतम की पोस्ट से फैंस के बीच बढ़ी चर्चा
संगीतकार ने यह भी कहा कि जिन रास्तों पर चलने का फैसला वे लंबे समय से टालते आ रहे थे, अब उन पर कदम बढ़ाने का सही वक्त है। हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर रिटायरमेंट की घोषणा नहीं की, लेकिन उनके शब्दों ने फैंस के बीच यह चर्चा जरूर छेड़ दी है कि क्या अब उनकी जादुई धुनें फिल्मों में कम सुनाई देंगी।
प्रीतम की धुनों ने रचा सफलता का सुनहरा इतिहास
प्रीतम ने अपने करियर में “लूडो”, “दिलवाले” समेत कई बड़ी फिल्मों को यादगार संगीत दिया है। उनकी धुनों ने करोड़ों लोगों को झूमने पर मजबूर किया और उन्हें बॉलीवुड के सबसे सफल संगीतकारों में शामिल किया। खास बात यह है कि उन्होंने हमेशा अपने काम को जुनून की तरह लिया और रियलिटी शोज से भी दूरी बनाए रखी।
अरिजीत सिंह के करियर के पीछे भी रहा प्रीतम का हाथ, साथ में दिए कई सुपरहिट गाने
बहुत कम लोग जानते हैं कि हिंदी सिनेमा में सिंगर अरिजीत सिंह को बड़ा मौका दिलाने में भी प्रीतम की अहम भूमिका रही है। उन्होंने अरिजीत को मुंबई में रुककर संगीत की बारीकियां सीखने की सलाह दी थी। दोनों ने करीब एक दशक तक साथ काम किया और कई सुपरहिट गाने दिए।