Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-15

Khan Sir Case: खान सर और रौशन आनंद विवाद में नया मोड़, अब किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक का नाम भी आया सामने

Khan Sir Case: पटना के मुसल्लहपुर स्थित खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर से जुड़े मारपीट और फायरिंग मामले में नया मोड़ सामने आया है. बेऊर जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद ने इस पूरे विवाद में एक और नाम जोड़ते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं.
जेल से बाहर आते ही रौशन आनंद ने लगाए बड़े आरोप
जमानत मिलने के बाद मीडिया से बातचीत में रौशन आनंद ने दावा किया कि खान सर उर्फ फैजल खान और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आरएस प्रसाद ने साजिश रचकर उनके भाई प्रिंस की हत्या करवाई है. उनका कहना है कि जब तक वह बाहर थे तब तक उनके भाई के साथ कुछ नहीं हुआ, लेकिन जेल जाने के बाद ही प्रिंस की मौत हो गई. रौशन आनंद ने इसे सुनियोजित साजिश बताया है.

प्रिंस यादव की मौत को लेकर दोस्त का वीडियो भी चर्चा में
इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें प्रिंस यादव के एक दोस्त ने मौत से पहले की परिस्थितियों का जिक्र किया है. वीडियो में दोस्त का दावा है कि वे लोग घूमने गए थे और प्रिंस पहले से घबराहट तथा मानसिक परेशानी से जुड़ी दवाइयां ले रहे थे. कुछ समय के लिए उन्होंने दवा बंद कर दी थी, लेकिन बाद में दोबारा दवा लेना शुरू कर दिया था और उनकी तबीयत सामान्य हो गई थी.

दोस्त के मुताबिक, घटना वाले दिन भी प्रिंस ने दवा ली और सो गए. इसके बाद वे लोग बाहर निकल गए थे. इसी दौरान एक साथी का फोन आया कि प्रिंस की हालत ठीक नहीं लग रही है. वापस लौटने पर प्रिंस की सांसें तेज चल रही थीं. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. दोस्त ने यह भी कहा कि वे अपने करीबी मित्र को नुकसान पहुंचाने की बात सोच भी नहीं सकते.

कोचिंग विवाद के बीच नए दावों से बढ़ी चर्चा
पटना के चर्चित कोचिंग विवाद में अब खान सर के साथ किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आरएस प्रसाद का नाम भी सामने आने के बाद मामला और चर्चा में आ गया है. रौशन आनंद के आरोपों और वायरल वीडियो में सामने आए दावों के बीच अब इस पूरे मामले की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं.

खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग विवाद पहले से ही सुर्खियों में था, लेकिन रौशन आनंद के नए आरोपों और प्रिंस यादव की मौत को लेकर सामने आए अलग अलग दावों ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है. अब जांच एजेंसियों की पड़ताल और आधिकारिक निष्कर्ष इस मामले की तस्वीर साफ करेंगे.

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !