Jamshedpur News: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गरीब नवाज कॉलोनी स्थित खरकई नदी रेलवे पुल के पास कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन कर रहे हैं. इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने रेलवे ट्रैक के पास छापेमारी कर मो. सरफराज उर्फ तिल्ली (24 वर्ष) और मो. शहबाज उर्फ मन्ना (23 वर्ष) को पकड़ लिया.
24 पुड़िया ब्राउन शुगर और 170 रुपये नकद बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों के पास से 24 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3,600 रुपये बताई गई है. साथ ही 170 रुपये नकद भी जब्त किए गए. पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे एक पुड़िया 100 से 150 रुपये में खरीदते थे और 250 से 300 रुपये में बेचते थे. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. साथ ही इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है.
पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, मो. सरफराज उर्फ तिल्ली के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं. वहीं मो. शहबाज उर्फ मन्ना के खिलाफ चोरी और एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी केस दर्ज हो चुके हैं. इस पूरी कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था), जुगसलाई थाना प्रभारी, विवेक कुमार पंडित, संतोष कुमार, राजेश बिहा, गोपाल कुमार और जुगसलाई थाना की सशस्त्र पुलिस टीम शामिल रही.