Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-15

Jamshedpur News: साकची में लगभग तीन घंटे तक सड़कों पर रह कर सिटी एसपी ललित मीना ने किया जायजा, नियम तोड़ने वालों को दी चेतावनी

Jamshedpur: जमशेदपुर के सिटी एसपी ललित मीना सोमवार को खुद सड़क पर उतरकर शहर की यातायात और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते नजर आए। उन्होंने करीब तीन से साढ़े तीन घंटे तक विभिन्न जगहों का दौरा कर हालात का जायजा लिया और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। सिटी एसपी सबसे पहले साकची गोलचक्कर पहुंचे, जहां उन्होंने करीब 15 से 20 मिनट तक रुककर यातायात व्यवस्था और आसपास की गतिविधियों का निरीक्षण किया। स्थिति का आकलन करने के बाद उन्होंने मौके पर ही कार्रवाई शुरू की।

ऑटो चालकों और गलत पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान सड़क पर ऑटो खड़ा कर यात्रियों को बैठाने वाले ऑटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सिटी एसपी ने उन्हें सख्त चेतावनी देते हुए यातायात नियमों का पालन करने का निर्देश दिया। इसके अलावा बाजार क्षेत्रों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों द्वारा वाहनों को जहां-तहां खड़ा करने पर भी नाराजगी जताई गई। कई वाहन चालकों को चेतावनी दी गई, जबकि कई वाहनों का चालान भी काटा गया।

ब्लैक फिल्म लगाने वालों को दी चेतावनी
इसके बाद सिटी एसपी उन स्थानों पर पहुंचे जहां वाहनों में ब्लैक फिल्म लगाने का काम किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी वाहन में नियमों के विरुद्ध ब्लैक फिल्म नहीं लगाई जाए। नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। सिटी एसपी ने क्षेत्र के विभिन्न चेकपॉइंट्स का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यह जांच किया कि पूर्व में बैठक के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुसार वाहन जांच और अन्य चेकिंग कैमरों की निगरानी में सही तरीके से हो रही है या नहीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

सड़क तक सामान फैलाने वाले दुकानदारों को फटकार
निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों के बाहर सामान सड़क तक लगे हुए थे मौके पर पहुंचकर सिटी एसपी ने दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया कि वे अपना सामान दुकान की सीमा के भीतर ही रखें और सड़क पर अतिक्रमण न करें। सिटी एसपी ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि शहर में सुचारु यातायात और बेहतर कानून-व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !