Jamshedpur News: जमशेदपुर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और अतिक्रमण पर नियंत्रण के उद्देश्य से सिटी एसपी ललित मीणा सोमवार को खुद सड़कों पर उतरे। उन्होंने साकची क्षेत्र के विभिन्न टेंपो स्टैंडों का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और मौके पर मौजूद चालकों से बातचीत की।
टेंपो चालकों को दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी ने ऑटो और टेंपो चालकों को निर्धारित स्टैंड से ही वाहन संचालन करने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर अव्यवस्था नहीं फैलाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ड्रेस कोड और नो-पार्किंग पर सख्ती
ललित मीणा ने स्पष्ट किया कि बिना निर्धारित ड्रेस कोड के वाहन चलाने वाले चालकों और नो-पार्किंग क्षेत्र से ऑटो या टेंपो का संचालन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अतिक्रमण और अवैध पार्किंग को शहर की यातायात समस्या की बड़ी वजह बताते हुए विशेष निगरानी की बात कही।
नियमित चलेगा अभियान, मांगा सहयोग
सिटी एसपी ने कहा कि शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने टेंपो चालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास और नियमों के पालन से ही शहर को जाम और अव्यवस्था से मुक्त बनाया जा सकता है।