Jharkhand Weather Alert: झारखंड में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही मौसम का असर अब साफ दिखाई देने लगा है. राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की गतिविधियां बढ़ गई हैं. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई जिलों के लिए अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. सबसे ज्यादा असर सिमडेगा जिले में देखने को मिला, जहां भारी बारिश हुई. सिमडेगा के थेथईटांगर में 70.3 मिमी और कुरडेग में 61.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.
इसके अलावा गोविंदपुर (डीवीसी) में 60.8 मिमी, पंचेत में 38.8 मिमी, मैथन में 32.2 मिमी, बड़कागांव में 31.2 मिमी और बोकारो थर्मल में 29.6 मिमी बारिश दर्ज की गई.
मानसून की रफ्तार बढ़ी
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है. मानसून बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों के साथ पूर्वोत्तर भारत के कई क्षेत्रों तक पहुंच चुका है. आने वाले दिनों में झारखंड में भी इसका प्रभाव और बढ़ने की संभावना जताई गई है.
राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 21.9 डिग्री सेल्सियस रहा.
इन जिलों में तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी
- मौसम विभाग ने 11 जून को धनबाद, बोकारो और कोडरमा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात की संभावना जताई गई है.
- वहीं 7 जून को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, कोडरमा और हजारीबाग को छोड़कर राज्य के अधिकांश जिलों में गरज के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवा चलने का अनुमान है.
- 8 जून को साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका, देवघर, जामताड़ा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
- 9 जून को रामगढ़, बोकारो, रांची, गुमला और खूंटी में मौसम का असर ज्यादा रहने की संभावना है. इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ बारिश और वज्रपात हो सकता है.
रांची में भी बारिश के आसार
राजधानी रांची में पिछले 24 घंटे के दौरान 1.8 मिमी बारिश दर्ज की गई. यहां अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस रहा.
मौसम विभाग के अनुसार 7 जून को रांची में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है. 8 और 9 जून को भी मौसम का यही रुख बने रहने का अनुमान है.
विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों में तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. वहीं 12 और 13 जून को रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है.