Gamharia News : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड परिसर में रविवार को झारखंड राज्य राजस्व उप निरीक्षक संघ के बैनर तले आयोजित बैठक प्रदर्शन में बदल गई। जिले के सभी नौ प्रखंडों से पहुंचे उप राजस्व निरीक्षकों ने कृषि गणना कार्य का लंबित भुगतान नहीं मिलने पर जिला प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और उपेक्षा का आरोप लगाया।
वर्षों से लंबित है कृषि गणना का भुगतान
संघ के सदस्यों ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर कृषि गणना के प्रथम चरण के तहत विभिन्न गांवों में सर्वेक्षण और गणना का कार्य कराया गया था। कार्य पूरा होने के बाद रिपोर्ट विभाग को सौंप दी गई थी, जिसे स्वीकार भी कर लिया गया, लेकिन अब तक संबंधित कर्मचारियों को भुगतान नहीं किया गया है।
उप राजस्व निरीक्षक मुरारी महतो ने कहा कि कई वर्षों से मेहनताना लंबित है। उन्होंने बताया कि जिन कर्मचारियों ने यह कार्य किया था, उनमें से कुछ अब सेवानिवृत्त भी हो चुके हैं, लेकिन उन्हें भी भुगतान नहीं मिल पाया है।
कर्मचारियों ने प्रशासन पर लगाया उपेक्षा का आरोप
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना था कि भुगतान को लेकर कई बार प्रशासन से आग्रह किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। इससे कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उनके बीच असंतोष बढ़ता जा रहा है।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कार्य पूरा होने और रिपोर्ट स्वीकृत होने के बावजूद भुगतान नहीं होना कर्मचारियों के साथ अन्याय है।
उपायुक्त को सौंपा जाएगा ज्ञापन
बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द ही सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर लंबित भुगतान की मांग की जाएगी। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
बैठक एवं प्रदर्शन में सत्येंद्र प्रसाद, अमित सरदार, सर्वोत्तम कुमार, सोमचांद टुडू, जगन्नाथ साहू, प्रकाश हेंब्रम, सेवानिवृत्त कर्मचारी विनय सिंह, मनभोला तिवारी समेत बड़ी संख्या में राजस्व कर्मचारी उपस्थित रहे।