Tatanagar Railway News: टाटानगर रेल मार्ग पर ट्रेनों की बढ़ती देरी को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं. रविवार को 12859 गितांजलि एक्सप्रेस और 12833 अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस बिलासपुर रेल मंडल से चक्रधरपुर रेल मंडल को महज 10 से 25 मिनट की देरी के साथ प्राप्त हुई थीं. लेकिन टाटानगर स्टेशन पहुंचते-पहुंचते दोनों ट्रेनों की देरी बढ़कर करीब एक से डेढ़ घंटे तक पहुंच गई.
यात्रियों को हुई परेशानी, संचालन व्यवस्था पर उठे सवाल
जानकारी के अनुसार, दोनों ट्रेनें बिलासपुर मंडल क्षेत्र में अपेक्षाकृत बेहतर समयपालन के साथ संचालित हो रही थीं. इसके बावजूद चक्रधरपुर रेल मंडल में प्रवेश करने के बाद उनकी देरी लगातार बढ़ती गई. इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और रेलवे की परिचालन व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं.
रेल यात्रियों का कहना है कि देश के कई अन्य रेल मंडल और रेलवे जोन ट्रेनों की देरी को रास्ते में कम करने का प्रयास करते हैं, लेकिन दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में अक्सर इसके विपरीत स्थिति देखने को मिलती है. ऐसे में यात्रियों का समय बर्बाद होता है और उनकी आगे की यात्रा योजनाएं भी प्रभावित होती हैं.
झारखंड रेल यूजर एसोसिएशन और यात्रियों ने GM और CKP मंडल से मांगा जवाब
इस मामले को लेकर झारखंड रेल यूजर एसोसिएशन और यात्रियों ने गंभीर चिंता जताई है. उन्होंने सवाल उठाया है कि जब गितांजलि एक्सप्रेस और अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस चक्रधरपुर मंडल को केवल 10 से 25 मिनट की देरी के साथ मिली थीं, तो टाटानगर पहुंचते-पहुंचते उनकी देरी एक से डेढ़ घंटे तक कैसे बढ़ गई.