Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड परिसर में रविवार को झारखंड राज्य राजस्व उप निरीक्षक संघ की बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे उप राजस्व निरीक्षकों ने कृषि गणना कार्य के लंबित भुगतान को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की. इस दौरान कर्मचारियों ने जिला प्रशासन के रवैये पर सवाल उठाते हुए जल्द भुगतान की मांग की.
कार्य पूरा, रिपोर्ट जमा, फिर भी नहीं हुआ भुगतान
संघ के सदस्य मुरारी महतो ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर विभिन्न गांवों में कृषि गणना का कार्य कराया गया था. सभी कर्मचारियों ने तय समय सीमा के भीतर सर्वेक्षण कार्य पूरा कर उसकी रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंप दी थी. प्रशासन द्वारा रिपोर्ट स्वीकार किए जाने के बावजूद प्रथम चरण के कार्य का भुगतान अब तक नहीं किया गया है.
सेवानिवृत्त कर्मचारी भी कर रहे भुगतान का इंतजार
बैठक में बताया गया कि भुगतान में हो रही देरी का असर कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है. कई उप राजस्व कर्मचारी इस दौरान सेवानिवृत्त भी हो चुके हैं, लेकिन उन्हें भी उनके कार्य का पारिश्रमिक नहीं मिला है. कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से भुगतान लंबित रहने के बावजूद प्रशासन इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रहा है.
उपायुक्त को फिर सौंपा जाएगा ज्ञापन
बैठक में मौजूद सदस्यों ने निर्णय लिया कि लंबित भुगतान की मांग को लेकर जल्द ही सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त को एक बार फिर ज्ञापन सौंपा जाएगा. कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस मामले में सकारात्मक पहल करेगा और जल्द भुगतान सुनिश्चित करेगा.
बैठक में सत्येंद्र प्रसाद, अमित सरदार, सर्वोत्तम कुमार, सोमचांद टुडू, जगन्नाथ साहू, प्रकाश हेंब्रम, सेवानिवृत्त कर्मचारी विनय सिंह, मनभोला तिवारी सहित कई उप राजस्व निरीक्षक और कर्मचारी मौजूद थे.