Ranchi News: रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र में बिजली बिल को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. यहां एक उपभोक्ता ने बिजली विभाग के कर्मी पर हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल विद्युतकर्मी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है.
घटना शनिवार रात की बताई जा रही है. उमेडंडा निवासी बिजली विभाग के कर्मचारी राहुल कुमार (28) पावर हाउस से अपने कार्यालय की ओर जा रहे थे. इसी दौरान नाउज गांव के पास डुंडु गांव निवासी रवि कुमार ने उन्हें रोक लिया.
9 लाख रुपये से अधिक के बिल को लेकर हुआ विवाद
रवि कुमार का आरोप था कि उसके नाम पर 9 लाख 10 हजार 663 रुपये का बिजली बिल आया है और इसके लिए राहुल कुमार जिम्मेदार हैं.
राहुल ने बताया कि उन्होंने उपभोक्ता को समझाने का प्रयास किया कि यदि बिल में कोई गलती है तो विभाग में आवेदन देकर उसकी जांच कराई जा सकती है. लेकिन आरोप है कि उपभोक्ता उनकी बात मानने को तैयार नहीं हुआ.
बुलाकर की गई मारपीट का आरोप
शिकायत के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद रवि कुमार ने अपने गांव से कुछ अन्य लोगों को बुला लिया. इसके बाद सभी ने मिलकर राहुल कुमार के साथ मारपीट की.
हमले में राहुल के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. पीड़ित ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद बुढ़मू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल विद्युतकर्मी को अस्पताल पहुंचाया. राहुल कुमार ने थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
वहीं, क्षेत्र में स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिल को लेकर पहले से उपभोक्ताओं में नाराजगी की बात सामने आती रही है. इसी बीच बिजली बिल विवाद में हुई इस घटना ने इलाके में चर्चा तेज कर दी है.