Palamu: पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के बटाउवा गांव स्थित लंकासुर टोला में 2 जून 2026 की रात करीब 9 बजे एक छोटी सी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते गंभीर हिंसक संघर्ष में बदल गया। जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक एक गुमटी दुकान पर गुटखा खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान जरदा की मात्रा को लेकर दुकानदार पक्ष और युवकों के बीच बहस शुरू हो गई। मौके पर मौजूद अशोक चौहान के साथ भी उनकी कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला धीरे-धीरे बढ़ता चला गया।
घर के बाहर पहुंचकर किया हंगामा
दुकान से निकलने के कुछ समय बाद युवक अशोक चौहान के घर के समीप पहुंचे और वहां रुककर कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। शोर-शराबा सुनकर चौहान परिवार के लोग बाहर निकले और इसका विरोध किया। आरोप है कि इसी बीच एक युवक ने अपने परिचितों को फोन कर मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में करीब 20 से 25 लोग लाठी-डंडों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। हमले में चौहान परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के लोग भी झड़प में चोटिल हुए।
दोनों पक्षों के लोग अस्पताल में भर्ती
घटना में दोनों पक्षों के तीन-तीन लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल डाल्टेनगंज भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहम्मदगंज पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दो नामजद आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्तों मकसूद खान तथा गोलू खान उर्फ रफी आलम उर्फ लड्डू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। मोहम्मदगंज थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र हमेशा से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के लिए जाना जाता रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस घटना को किसी भी प्रकार का सांप्रदायिक रंग न दें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और शांति भंग करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही सभी नागरिकों से शांति बनाए रखने और जांच में सहयोग करने की अपील की गई है।