Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-06

Jamshedpur News : जनजातीय क्षेत्रों के विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, उपायुक्त ने की कल्याण विभाग और आईटीडीए योजनाओं की समीक्षा

Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में कल्याण विभाग और समेकित जनजातीय विकास अभिकरण (आईटीडीए) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीएम जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्रामीण उत्कर्ष अभियान के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को जनजातीय बहुल क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने और योजनाओं का लाभ समय पर लाभुकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।


जनजातीय समुदायों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर

बैठक के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों, बहुद्देशीय भवनों, सड़क संपर्क पथों, छात्रावासों, ग्रामीण आवासों, पेयजल आपूर्ति, विद्युतीकरण, मत्स्य विभाग की लाभुक आधारित योजनाओं तथा पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि विशेष रूप से संवेदनशील जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) और जनजातीय बहुल क्षेत्रों के लिए संचालित योजनाओं का निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जनजातीय समुदायों के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्थान के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए इन योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।

छात्र कल्याण और रोजगार योजनाओं की भी हुई समीक्षा

बैठक में छात्र कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई। प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, चिकित्सीय सहायता और बिरसा आवास योजना की प्रगति पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा कब्रिस्तान घेराबंदी, सामुदायिक सरना-मसना स्थलों के संरक्षण एवं विकास तथा वनाधिकार पट्टा वितरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि जनजातीय समाज की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान से जुड़े स्थलों के संरक्षण को प्राथमिकता दी जाए तथा पात्र लाभुकों को वनाधिकार पट्टा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।

योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागीय समन्वय जरूरी

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विभाग नियमित रूप से योजनाओं की प्रगति की निगरानी करें और किसी भी प्रकार की बाधा आने पर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य तभी सफल होगा जब उनका लाभ समय पर अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य सामद, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, विभिन्न तकनीकी विभागों के अभियंता तथा अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !