Godda News: गोड्डा के महागामा थाना क्षेत्र के सरवा गांव में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान बाड़ेडीह गांव निवासी 22 वर्षीय शेख जुल्फिकार के रूप में हुई है.
परिजनों के अनुसार जुल्फिकार गुरुवार शाम काम की तलाश में दूसरे राज्य जाने की बात कहकर घर से निकला था. इसके बाद शुक्रवार सुबह सरवा उप स्वास्थ्य केंद्र के पास एक पेड़ से उसका शव बरामद हुआ.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. घटनास्थल से कुछ कपड़े भी मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित रख लिया है. पुलिस टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है.
मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
महागामा थाना प्रभारी मनोज पाल ने बताया कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है. पुलिस आत्महत्या के अलावा अन्य कारणों की भी पड़ताल कर रही है.
इधर, युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई. लोगों ने शव को सड़क पर रखकर गम्हरिया-पथरगामा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया.
ग्रामीणों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और अगर किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो. पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य करने की कोशिश कर रहे हैं.