Ranchi News : झारखंड सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) और राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन (एनयूएचएम) के अंतर्गत संचालित योजनाओं हेतु 2093 करोड़ 60 लाख 51 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि का उपयोग राज्य की स्वास्थ्य संरचना को मजबूत करने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन के लिए किया जाएगा।
केंद्र और राज्य सरकार 60:40 अनुपात में वहन करेंगी खर्च
स्वीकृत राशि में केंद्र और राज्य सरकार की हिस्सेदारी 60:40 के अनुपात में तय की गई है। इसके तहत केंद्र सरकार 1343 करोड़ 51 लाख रुपये तथा राज्य सरकार 750 करोड़ 60 लाख रुपये का योगदान देगी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस राशि से अस्पतालों की कार्यक्षमता बढ़ाने, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत करने और विभिन्न योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
SNA SPARSH मॉडल से सीधे जिलों तक पहुंचेगा फंड, उपयोग पर रहेगी कड़ी निगरानी
विभाग ने बताया कि राशि का वितरण SNA SPARSH मॉडल के माध्यम से किया जाएगा। इसके तहत फंड सीधे जिलों के सिविल सर्जनों को उपलब्ध कराया जाएगा, जो अपने अधीनस्थ स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक राशि जारी करेंगे। उपकेंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में राशि के उपयोग की जिम्मेदारी संबंधित प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की होगी, जबकि सदर और अनुमंडल अस्पतालों में यह जिम्मेदारी उपाधीक्षकों को सौंपी गई है।
सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि स्वीकृत राशि का उपयोग केवल अनुमोदित योजनाओं और कार्यक्रमों पर ही किया जाए। साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक को समय पर उपयोगिता प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने और खर्च की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।