Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-31

Adityapur News: आदित्यपुर में हल्की बारिश ने खोली नगर निगम की तैयारी की पोल, वार्ड-18 में सड़क बनी तालाब

Adityapur: मानसून की दस्तक से पहले ही आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर सवाल उठने लगे हैं। वार्ड संख्या-18 में हुई हल्की बारिश के बाद मुख्य सड़क पर जलजमाव हो गया, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस मामले को लेकर पूर्व वार्ड पार्षद प्रत्याशी राजू लोहार ने नगर निगम की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

प्री-मानसून में यह हाल, बारिश के मौसम में बढ़ सकती है समस्या
क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद राजू लोहार ने कहा कि कुछ देर की बारिश में ही सड़क का तालाब में तब्दील हो जाना नगर निगम की जलनिकासी व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि यदि मानसून पूर्व बारिश में यह स्थिति है तो लगातार बारिश होने पर हालात और गंभीर हो सकते हैं।

शिवा नर्सिंग होम के पीछे मुख्य सड़क पर भरा पानी
राजू लोहार ने बताया कि जलजमाव की समस्या वार्ड-18 स्थित शिवा नर्सिंग होम के पीछे स्थित कॉलोनी की मुख्य सड़क पर उत्पन्न हुई है। यह सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए प्रमुख आवागमन मार्ग है। सड़क पर पानी जमा होने से राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में स्थायी जलनिकासी व्यवस्था और नाली निर्माण को लेकर कई बार आदित्यपुर नगर निगम को आवेदन दिया गया है। इसके अलावा वर्तमान वार्ड पार्षद, डिप्टी मेयर, महापौर और नगर आयुक्त को भी समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। राजू लोहार ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं की अनदेखी उचित नहीं है और वह आगे भी लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहेंगे।

स्थानीय लोगों में नाराजगी, स्थायी समाधान की मांग
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या वर्षों से बनी हुई है। यदि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आगामी मानसून में हालात और खराब हो सकते हैं। लोगों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द नाली निर्माण और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। फिलहाल क्षेत्रवासियों की निगाहें नगर निगम प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाता है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !