Railway Update: हावड़ा ग्रैंड कॉर्ड रेलखंड पर शुक्रवार को हुई तेज बारिश ने रेल यातायात को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया। गया और कोडरमा के बीच घाट सेक्शन में पटरियों पर फिसलन बढ़ने के कारण कई ट्रेनें बीच रास्ते में रुक गईं। स्थिति ऐसी रही कि कुछ ट्रेनों को अतिरिक्त इंजन लगाकर आगे बढ़ाना पड़ा, जबकि कई ट्रेनों को अलग अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा।
घाट सेक्शन में फिसलन बनी बड़ीवजह
रेलवे सूत्रों के अनुसार सुबह करीब साढ़े आठ बजे गया से कोडरमा की ओर जा रही दुरंतो एक्सप्रेस बसकटवा हाल्ट के पास घाट चढ़ाई पर पहुंची थी। इसी दौरान तेज बारिश के कारण पटरियां बेहद फिसलन भरी हो गईं और ट्रेन के पहिए पकड़ नहीं बना सके। ट्रेन आगे नहीं बढ़ पाई और उसे मौके पर ही रोकना पड़ा। चालक ने तुरंत कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी। इसके बाद रेलवे ने अतिरिक्त बैंकर इंजन भेजकर दुरंतो एक्सप्रेस को पीछे से जोड़कर सुरक्षित रूप से घाट पार कराया। इसी दौरान दुरंतो के पीछे चल रही एक मालगाड़ी भी फिसलन की वजह से घाट सेक्शन में फंस गई। उसे भी अतिरिक्त इंजन की मदद से आगे निकाला गया।
कई ट्रेनें अलग अलग स्टेशनों पर रोकी गई
रेल परिचालन प्रभावित होने के कारण कई यात्री ट्रेनों को अलग अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। पहाड़पुर स्टेशन पर जनशताब्दी एक्सप्रेस खड़ी रही। गुरपा स्टेशन पर अजमेर सियालदह एक्सप्रेस को रोक दिया गया। टनकुप्पा में वंदे भारत एक्सप्रेस को देर तक इंतजार करना पड़ा। वहीं मानपुर स्टेशन पर झारखंड एक्सप्रेस भी काफी समय तक खड़ी रही।
घाट क्षेत्र में भारी बारिश से बढ़ा खतरा
करीब आधे घंटे की बारिश ने इस पूरे 15 किलोमीटर लंबे घाट सेक्शन की स्थिति को प्रभावित कर दिया। गुरपा से कोडरमा तक का यह क्षेत्र तेज चढ़ाई वाला है, जहां ट्रेनों को अक्सर अतिरिक्त बैंकर इंजन की मदद से पार कराया जाता है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह प्री मॉनसून की पहली तेज बारिश थी, जिसने तुरंत ही परिचालन व्यवस्था को प्रभावित कर दिया। इस पूरे सेक्शन में चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाती है क्योंकि बारिश के दौरान पहाड़ों से भूस्खलन का खतरा भी बना रहता है।
अप लाइन पर भी हुआ असर, मालगाड़ी दो हिस्सों में बंटी
इसी बीच शुक्रवार को अप लाइन पर भी रेल परिचालन बाधित हो गया। कोडरमा स्टेशन से रवाना हुई एक बाढ़ स्पेशल मालगाड़ी कोडरमा और गंझड़ी के बीच अचानक कपलिंग टूटने से दो हिस्सों में बंट गई। इस घटना के बाद एक पैसेंजर ट्रेन सुबह 11 बजकर 30 मिनट से कोडरमा स्टेशन पर ही खड़ी रही। इससे अप लाइन का यातायात भी काफी देर तक प्रभावित रहा। हालांकि बाद में तकनीकी खराबी ठीक कर रेल संचालन को फिर से सामान्य कर दिया गया।