Adityapur Big News: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार सुबह एक कंटेनर में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसा आरआईटी थाना क्षेत्र के पम्मी धर्मकांटा के पास हुआ, जहां हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में आने से कंटेनर धू-धू कर जलने लगा। घटना में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:30 बजे एक लॉजिस्टिक कंटेनर वजन कराने के लिए धर्मकांटा की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाहन का ऊपरी हिस्सा सड़क के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार से छू गया। संपर्क होते ही तेज चिंगारी निकली और कुछ ही क्षणों में कंटेनर आग की लपटों से घिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग तेजी से फैलने लगी, जिससे वाहन का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षा की दृष्टि से दूर हट गए।
हादसे में कंटेनर चालक गंभीर रूप से झुलस गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे वाहन से बाहर निकालकर तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए अभियान चलाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।