Dhanbad News: धनबाद रेल मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान के 15वें दिन रेलवे प्रशासन ने प्लास्टिक प्रदूषण रोकने और स्वच्छ पर्यावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न स्टेशनों पर व्यापक जांच और निरीक्षण अभियान संचालित किया.
इस दौरान वाणिज्यिक विभाग, स्वास्थ्य निरीक्षकों और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीमों ने प्रमुख रेलवे स्टेशनों के खान-पान स्टॉल, फूड प्लाजा और रिफ्रेशमेंट रूम का औचक निरीक्षण किया. जांच के दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर विशेष नजर रखी गई और संचालकों को पर्यावरण के अनुकूल सामग्री उपयोग करने के निर्देश दिए गए.
रेलवे की ओर से यात्रियों को खाद्य और पेय पदार्थ उपलब्ध कराने में मिट्टी के कुल्हड़, कागज के कप, बांस और लकड़ी से बने चम्मच तथा पत्तलों के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जा रहा है. वहीं सामान ले जाने के लिए कपड़े और जूट के थैलों के उपयोग पर भी जोर दिया गया.
अभियान के तहत स्वास्थ्य निरीक्षकों और तकनीकी टीमों ने विभिन्न स्टेशनों पर लगे वाटर एटीएम और पेयजल बूथों की भी जांच की. रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार जारी रहेगी.