Jamshedpur: बीएड, एमएड, बीपीएड और एमपीएड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों की ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी, सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी ने परीक्षा के सफल संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
7 केंद्रों पर होगी परीक्षा
संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन 31 मई 2026 (रविवार) को पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक जिला मुख्यालय स्थित 7 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा।
दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती
परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और कदाचार रोकने के लिए भ्रमणशील दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों और कर्मियों को सुबह 7 बजे से अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।
वहीं स्टैटिक दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले यानी सुबह 8 बजे तक संबंधित परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित रहने को कहा गया है।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध
जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच, डिजिटल डायरी, कैलकुलेटर समेत किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। इसके अलावा पुस्तक, नोटबुक, लॉग बुक, कागजात, बैग और अन्य सामग्री भी परीक्षा हॉल में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
बिना फ्रिस्किंग नहीं मिलेगा प्रवेश
सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की अनिवार्य फ्रिस्किंग की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना जांच के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
शांतिपूर्ण और निष्पक्ष परीक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम
जिला प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। अधिकारियों को किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनुचित गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।