Latehar News : जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक 12 चक्का ट्रक और दो कारों को जब्त किया गया, जबकि पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को यह सफलता एसपी कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मिली। सूचना के बाद एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रांची-मेदिनीनगर एनएच पर सासंग मोड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
बैरिकेडिंग कर रोके गए तीन वाहन
जांच के दौरान चंदवा की ओर से आ रही एक स्कॉर्पियो, एक क्रेटा कार और उनके पीछे चल रहे 12 चक्का ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच में ट्रक में पशु चारा की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। दोनों कारों की डिक्की से भी शराब की पेटियां मिलीं।
पांच तस्कर गिरफ्तार, सरगना फरार
पुलिस ने मौके से सूरज कुमार, प्रकाश कुमार रवानी, राम कुमार पांडेय, गौतम कुमार अलौदिया और छोटू कुमार यादव को गिरफ्तार किया। वहीं गिरोह का मुख्य सरगना रंजीत यादव उर्फ गोलू और ट्रक चालक मौके से फरार होने में सफल रहे।
भारी मात्रा में शराब बरामद, तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने दोनों कारों से 180 एमएल की 15 पेटी शराब बरामद की। वहीं ट्रक से 200 बोरी धान की भूसी के नीचे छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांड की शराब की सैकड़ों पेटियां जब्त की गईं। इसमें रॉयल चैलेंजर, ऑल सीजन गोल्डन और मैक्डॉवेल ब्रांड की शराब शामिल है।
पुलिस अब फरार आरोपियों और शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।