Adityapur News: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में आगामी जनगणना 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को उप नगर आयुक्त पारुल सिंह ने खुद मोर्चा संभालते हुए जागरूकता अभियान की शुरुआत की। उन्होंने नगर निगम के विभिन्न वार्डों में प्रगणकों के साथ डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को जनगणना के महत्व के बारे में जानकारी दी।
सही जानकारी से तय होगा विकास का खाका, नागरिकों से सहयोग की अपील
अभियान के दौरान पारुल सिंह ने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद किया और अपील की कि जब भी प्रगणक उनके घर पहुंचें, तो परिवार से जुड़ी सभी जानकारियां सही और सटीक रूप से उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि कोई भी जानकारी छुपाना नहीं चाहिए, क्योंकि जनता द्वारा दिए गए आंकड़ों के आधार पर ही भविष्य की विकास योजनाएं और सरकारी सुविधाओं का खाका तैयार किया जाता है।
जनगणना 2027 को सफल बनाने के लिए प्रशासन और समाज मिलकर कर रहे प्रयास
उप नगर आयुक्त ने प्रगणकों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ डेटा संग्रह करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना 2027 को शत-प्रतिशत सफल बनाना प्रशासन और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। इस दौरान नगर निगम के कई अधिकारी, सुपरवाइजर और स्थानीय प्रगणक भी अभियान में सक्रिय रूप से मौजूद रहे।