Ranchi News : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य ने प्राथमिक शिक्षा और साक्षरता के क्षेत्र में बेहतर काम किया है। सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस का रिजल्ट भी इस बार अच्छा रहा है, लेकिन 10वीं के परीक्षा परिणाम को और बेहतर बनाने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चे शिक्षा के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने राज्य में 100 नए सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस जल्द शुरू करने का निर्देश दिया। साथ ही जगुआर कैंपस में दिशोम गुरुजी शिबू सोरेन आवासीय विद्यालय को भी जल्द शुरू करने को कहा।
बच्चियों की पढ़ाई और स्कूल उपस्थिति बढ़ाने पर जोर
बैठक में स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और खासकर बच्चियों के ड्रॉप आउट रेट को कम करने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने एकल स्कूलों में शिक्षकों की संख्या बढ़ाने और बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने शिक्षकों की कमी दूर करने, उन्हें नए और नवाचार तरीके से प्रशिक्षण देने तथा बच्चों को एक्सपोजर विजिट पर ले जाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि शिक्षकों को प्रशासनिक कार्यों से दूर रखा जाए ताकि वे पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे सकें। बैठक में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने से जुड़े कई अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई।