Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-26

Bihar News: पटना के होटल में छात्रा से छेड़छाड़ का मामला, पिता के सामने कमरे में घुसा नशे में धुत युवक, आरोपी गिरफ्तार

Bihar News: बिहार की राजधानी पटना में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित महावीर कॉलोनी के एक होटल में छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई है. बताया जा रहा है कि देर रात शराब के नशे में एक युवक जबरन होटल के कमरे में घुस गया और छात्रा के साथ अभद्रता करने लगा. उस समय छात्रा के पिता भी कमरे में मौजूद थे. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं होटल की सुरक्षा व्यवस्था और संचालन को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं.
पॉलिटेक्निक परीक्षा देने पटना आई थी छात्रा, होटल में ठहरे थे पिता और बेटी
जानकारी के अनुसार पीड़िता बेगूसराय की रहने वाली है और पॉलिटेक्निक की परीक्षा देने अपने पिता के साथ पटना आई थी. दोनों महावीर कॉलोनी स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे. देर रात अचानक एक युवक शराब के नशे में उनके कमरे में घुस गया. आरोप है कि युवक ने पिता के सामने ही छात्रा के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी.
अचानक हुई इस घटना से पिता और बेटी दोनों घबरा गए. दोनों ने शोर मचाया जिसके बाद आसपास के लोग और होटल कर्मी सतर्क हुए. घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई.

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, आरोपी युवक गिरफ्तार 
मामले की जानकारी मिलते ही रूपसपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक सत्येंद्र को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार आरोपी नशे की हालत में था. शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि उसके साथ कुछ अन्य युवक भी मौजूद थे. फिलहाल पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी हुई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.

होटल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, प्रशासन ने किया सील
घटना के बाद होटल प्रबंधन की भूमिका भी जांच के घेरे में आ गई है. शुरुआती जांच में होटल संचालन में कई तरह की लापरवाही सामने आने की बात कही जा रही है. पुलिस को पता चला है कि होटल के सीसीटीवी कैमरे बंद थे, जिसकी वजह से घटना रिकॉर्ड नहीं हो सकी.

इसके अलावा होटल में सुरक्षा मानकों का पालन ठीक तरीके से नहीं किए जाने की बात भी सामने आई है. प्रशासन ने इन गंभीर लापरवाहियों को देखते हुए होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है.

एसपी बोले हर एंगल से हो रही जांच
पटना पश्चिमी के पुलिस  ने कहा कि मामला बेहद गंभीर है और पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि होटल मालिक और प्रबंधन से पूछताछ की जाएगी कि आखिर सुरक्षा व्यवस्था में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई.

उन्होंने कहा कि होटल के सीसीटीवी कैमरे बंद क्यों थे और बिना पर्याप्त निगरानी के लोगों को ठहराने की अनुमति कैसे दी गई, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है. पीड़िता की शिकायत के आधार पर रूपसपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.

पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि आरोपी युवक सत्येंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके साथ मौजूद अन्य युवकों की तलाश के लिए विशेष टीम बनाई गई है. पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और होटलों में सुरक्षा मानकों को लेकर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को होटल संचालन और सुरक्षा व्यवस्था पर सख्ती से निगरानी रखनी चाहिए.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !