Khunti Crime News: खूंटी के कर्रा थाना क्षेत्र स्थित पदमपुर गांव में हेरमन होरो को गोली मारकर घायल करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसपी ऋषभ गर्ग के निर्देश पर तोरपा एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई थी. टीम ने 25 मई को पदमपुर के रहने वाले राहुल मुण्डा उर्फ नंदू को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में जुर्म कबूल कर लिया.
जंगल से बरामद हुआ वारदात में इस्तेमाल असलहा और बाइक
राहुल मुण्डा की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथी रमेश तिर्की उर्फ रवि तिरू उर्फ सिपाही को भी गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद पुलिस ने पदमपुर के जंगल में एक गड्ढे से छिपाकर रखी गई देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई अपाची मोटरसाइकिल बरामद की. पुलिस ने आरोपियों का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है.
सलाखों के पीछे पहुंचे दोनों आरोपी, कारणों की जांच में जुटी पुलिस
गौरतलब है कि बीते 18 मई को अपराधियों ने हेरमन होरो को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था. इस अवैध हथियार की बरामदगी को लेकर कर्रा थाने में अलग से एक नई प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है. फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने के साथ ही पुलिस घटना की असली वजह तलाश रही है.