Current News : कानपुर के सरसौल क्षेत्र स्थित श्रीमती रामकली इकबाल बहादुर ऑनलाइन सेंटर में रविवार को आयोजित एसएससी जीडी परीक्षा के दौरान पेपर लीक और समय से पहले प्रश्नपत्र बांटने के आरोप में भारी हंगामा हो गया। नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए महाराजपुर हाईवे जाम कर दिया।
मिडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर 1 बजे की शिफ्ट में परीक्षा आयोजित होनी थी। अभ्यर्थियों का आरोप है कि केंद्र प्रशासन ने कुछ चुनिंदा छात्रों को निर्धारित समय से पहले अंदर बुला लिया और उन्हें प्रश्नपत्र भी पहले ही दे दिया गया। जैसे ही यह सूचना बाहर मौजूद छात्रों तक पहुंची, परीक्षा की निष्पक्षता को लेकर हंगामा शुरू हो गया।
परीक्षा केंद्र से छात्रों को बाहर निकालने पर बढ़ा आक्रोश
विवाद बढ़ने के बाद परीक्षा केंद्र संचालकों ने परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों को भी बाहर निकाल दिया। इससे नाराज छात्रों ने परीक्षा रद्द करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर महाराजपुर हाईवे पर धरना दे दिया।
छात्रों के सड़क पर बैठने से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
पुलिस और छात्रों के बीच नोकझोंक, बाद में खुला जाम
हंगामे और जाम की सूचना मिलने के बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन अभ्यर्थी परीक्षा रद्द करने की मांग पर अड़े रहे।
इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। काफी देर की मशक्कत और हल्के बल प्रयोग के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर हाईवे से जाम हटवाया।
सीसीटीवी फुटेज और परीक्षा प्रक्रिया की होगी जांच
प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा केंद्र के संचालकों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच होगी। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।